सूरत में एक फैक्टरी पर छापे के बाद 14 लाख रुपये का नकली घी जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
सूरत में एक फैक्टरी पर छापे के बाद 14 लाख रुपये का नकली घी जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
सूरत, 16 अप्रैल (भाषा) गुजरात के सूरत में एक फैक्टरी पर छापेमारी के दौरान 14 लाख रुपये मूल्य का लगभग 2029 किलोग्राम नकली घी जब्त किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त राजदीपसिंह नाकुम ने बताया कि ‘सूरत स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप’ द्वारा की गई छापेमारी में भरत पोलारा (48) और अमीन वधवानिया (45) को गिरफ्तार किया गया।
एक विज्ञप्ति में कहा गया, ‘14,19,960 रुपये का मिलावटी घी, मशीनरी, कच्चा माल, मोबाइल फोन और 21,61,570 रुपये की नकदी जब्त की गई है। आरोपियों ने अवैध लाभ कमाने के लिए झुग्गी-झोपड़ी वाले इलाकों, किराना दुकानों, राजमार्ग के किनारे स्थित होटलों/ढाबों और आसपास के जिलों में नकली घी को कम कीमतों पर बेचा था।’
इसमें कहा गया है कि सचिन जीआईडीसी थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश

Facebook


