बेंगलुरु-अहमदाबाद इंडिगो उड़ान में बम की झूठी धमकी, मामला दर्ज

बेंगलुरु-अहमदाबाद इंडिगो उड़ान में बम की झूठी धमकी, मामला दर्ज

बेंगलुरु-अहमदाबाद इंडिगो उड़ान में बम की झूठी धमकी, मामला दर्ज
Modified Date: July 17, 2026 / 09:53 am IST
Published Date: July 17, 2026 9:53 am IST

बेंगलुरु, 17 जुलाई (भाषा) बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अहमदाबाद जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान में बम होने की झूठी धमकी मिलने के बाद शुक्रवार को एक प्राथमिकी दर्ज की गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, इंडिगो की उड़ान 6ई-6423 को 16 जुलाई की रात आठ बजे बेंगलुरु से रवाना होना था। उड़ान के निर्धारित प्रस्थान से कुछ समय पहले शाम करीब सात बजकर 35 मिनट पर चालक दल के एक सदस्य को विमान के अगले शौचालय में एक पर्चा मिला, जिस पर हाथ से लिखा था, ‘‘डोन्ट गो। बम है, प्लीज।’’

पर्चा मिलने के बाद विमानन सुरक्षा से संबंधित मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) के तहत तत्काल कार्रवाई की गई और विमान की गहन तलाशी ली गई। हालांकि, जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

इंडिगो ने ‘केआईएएल’ हवाई अड्डा पुलिस थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में कहा कि इस धमकी के कारण उड़ान संचालन बाधित हुआ तथा यात्रियों, चालक दल और एयरलाइन की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा हुई।

एयरलाइन ने शिकायत में अनुरोध किया कि मामले की विस्तृत जांच कर धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान की जाए और उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने और उसके मकसद का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

भाषा गोला प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में