फरीदाबाद: फैक्टरी में लगी आग में 37 लोग झुलसे, मालिक और प्रबंधक पर मामला दर्ज

फरीदाबाद: फैक्टरी में लगी आग में 37 लोग झुलसे, मालिक और प्रबंधक पर मामला दर्ज

फरीदाबाद: फैक्टरी में लगी आग में 37 लोग झुलसे, मालिक और प्रबंधक पर मामला दर्ज
Modified Date: February 17, 2026 / 09:24 pm IST
Published Date: February 17, 2026 9:24 pm IST

फरीदाबाद, 17 फरवरी (भाषा) हरियाणा के फरीदाबाद में एक फैक्टरी में भीषण आग लगने के मामले में पुलिस ने फैक्टरी के मालिक और प्रबंधक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आग लगने की घटना में 37 लोग झुलस गए थे, जिनमें से कई की हालत गंभीर है।

अधिकारी ने बताया कि गंभीर रूप से झुलसे आठ लोगों को सोमवार देर रात दिल्ली पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए ‘ग्रीन कॉरिडोर’ के माध्यम से एम्स और सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मुजेसर थाना प्रभारी पूरन सिंह ने बताया, “शिव स्टील एंड कालका जी लुब्रिकेंट कंपनी के मालिक और प्रबंधक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 118(1) और 124(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।”

उन्होंने बताया, “अब तक की जांच से पता चला कि कंपनी ने रसायनों को बिना किसी सुरक्षा उपकरण के जमा कर रखा था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। हम मामले की जांच कर रहे हैं। सभी घायलों का इलाज चल रहा है।”

अधिकारी ने बताया कि फैक्टरी मालिक विजय मोगर की हालत गंभीर है और विस्फोट के समय वह परिसर में मौजूद थे और बुरी तरह झुलस गए।

उन्होंने बताया कि अन्य घायलों का फरीदाबाद के विभिन्न निजी और सरकारी अस्पतालों में इलाज जारी है।

दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आग शाम करीब चार बजे उस समय लगी जब कटिंग प्लेट के काम से निकली एक चिंगारी रसायनों से भरे ड्रम में जा गिरी।

उन्होंने बताया कि इसके परिणामस्वरूप हुए विस्फोट से आसपास के रासायनिक ड्रमों में भी चिंगारी फैल गई।

अधिकारी ने बताया कि श्रमिकों ने शुरू में आग बुझाने की कोशिश की लेकिन आग तेजी से फैल गई और पूरी इकाई को अपनी चपेट में ले लिया।

पुलिस के अनुसार, पीड़ितों में पुलिस के तीन अधिकारी, दो दमकलकर्मी, फैक्टरी मालिक, मजदूर और इमारत के बाहर खड़े राहगीर शामिल हैं, जो आग की चपेट में आ गए थे।

उपजिलाधिकारी त्रिलोक चंद ने बताया कि प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 10 से अधिक गाड़ियों को कई घंटों तक मशक्कत करनी पड़ी।

उन्होंने बताया, “हम पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। जांच के नतीजों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।”

भाषा जितेंद्र माधव

माधव


लेखक के बारे में