फरीदाबाद: महिलाओं के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को ठगने के आरोप में पांच लोग गिरफ्तार

फरीदाबाद: महिलाओं के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को ठगने के आरोप में पांच लोग गिरफ्तार

फरीदाबाद: महिलाओं के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को ठगने के आरोप में पांच लोग गिरफ्तार
Modified Date: May 9, 2026 / 10:28 pm IST
Published Date: May 9, 2026 10:28 pm IST

फरीदाबाद (हरियाणा), नौ मई (भाषा) पुलिस ने सोशल मीडिया और ‘ऑनलाइन डेटिंग प्लेटफॉर्म’ पर महिलाओं के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को फंसाने और फिर उनसे पैसे ऐंठने के आरोप में गिरोह के सरगना समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

आरोपियों की पहचान राजस्थान के करोली जिले के निवासी भगवान सिंह (27), देवा गुर्जर (21), बिजेंद्र (25), धीरज (30) और मनीष (20) के रूप में हुई।

पूछताछ के दौरान पता चला कि भगवान सिंह गिरोह का सरगना है। गिरोह के सदस्य लड़कियों की तस्वीरें लगाकर ‘इंस्टाग्राम’ और ‘टिंडर ऐप’ पर फर्जी प्रोफाइल बनाते थे और भोले-भाले लोगों को फंसाते थे।

फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता ने बताया, ‘‘जब उन्हें फोन पर बात करनी होती थी, तो भगवान सिंह लड़की की आवाज में बात करता था। देवा गुर्जर, बिजेंद्र और धीरज भी लोगों को फंसाने के लिए उनसे बात करते थे और मनीष धोखाधड़ी से कमाए गए पैसे जमा करने के लिए खाते मुहैया कराता था।’’

आरोपियों को शुक्रवार को फरीदाबाद सेंट्रल की साइबर थाना पुलिस ने जयपुर के जगतपुरा इलाके में ‘लोटस व्हाइट’ आवासीय सोसायटी के एक अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया।

आरोपियों ने कथित तौर पर फरीदाबाद निवासी से लगभग 45,000 रुपये जबरन वसूले थे।

भाषा शुभम शफीक

शफीक


लेखक के बारे में