बहराइच में तेंदुए के हमले में किसान की मौत, क्षत-विक्षत शव बरामद

बहराइच में तेंदुए के हमले में किसान की मौत, क्षत-विक्षत शव बरामद

बहराइच में तेंदुए के हमले में किसान की मौत, क्षत-विक्षत शव बरामद
Modified Date: July 11, 2026 / 04:38 pm IST
Published Date: July 11, 2026 4:38 pm IST

बहराइच (उप्र), 11 जुलाई (भाषा) बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के ककरहा रेंज के घने जंगल में भैंस चराने गए एक किसान की तेंदुए के हमले में मौत हो गई। किसान का क्षत विक्षत शव जंगल के भीतर से शुक्रवार रात करीब 10 बजे बरामद किया गया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी अपूर्व दीक्षित ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि जिला मुख्यालय से करीब 80 किलोमीटर दूर वन्यजीव प्रभाग अंतर्गत धर्मपुर बेझा गांव निवासी किसान दशरथ यादव (उम्र करीब 50 वर्ष) शुक्रवार दोपहर बाद अपनी भैंसों को चराने जंगल के भीतर चले गए थे।

उन्होंने बताया कि देर रात जब वो घर नहीं लौटे तो परिजनों ने वन विभाग व पुलिस को सूचित किया।

पुलिस व वन कर्मियों के साथ ग्रामीणों ने तलाश शुरू की तो करीब 10 बजे रात जंगल में करीब एक किलोमीटर भीतर किसान का शव बरामद किया गया।

शव पर मिले कई घावों तथा घटनास्थल की परिस्थितियों को देखकर यह अंदाजा लगाया गया कि उनकी मौत तेंदुए के हमले में हुई है।

दीक्षित ने बताया कि शव को विधिक प्रक्रिया के तहत पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मृतक परिवार को शासन द्वारा अनुमन्य चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने की औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

वन अधिकारी ने बताया कि विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है। जंगल के निकट रह रहे ग्रामवासियों को लगातार जागरूक किया जा रहा है कि अनावश्यक घने जंगल के भीतर न जाएं, और यदि जाना जरूरी हो तो भी अकेले जाने से परहेज करें।

विभाग की टीमें इलाके में नियमित निगरानी कर रही हैं, जिससे किसी अन्य घटना को होने से रोका जा सके।

भाषा सं आनन्द संतोष

संतोष


लेखक के बारे में