नेपाल में बाढ़: प्रधानंत्री मोदी ने बालेंद्र शाह से बात की, मानवीय सहायता की पेशकश की
नेपाल में बाढ़: प्रधानंत्री मोदी ने बालेंद्र शाह से बात की, मानवीय सहायता की पेशकश की
नयी दिल्ली, 26 अगस्त (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को नेपाल के अपने समकक्ष बालेंद्र शाह से बात की और वहां बाढ़ से हुई जान-माल की क्षति पर संवेदना व्यक्त की। साथ ही, उन्होंने कहा कि भारत पड़ोसी देश को हरसंभव मानवीय सहायता देने के लिए तैयार है।
मोदी ने यह भी कहा कि भारत के लोग इस कठिन समय में नेपाल के अपने भाइयों और बहनों के साथ एकजुटता से खड़े हैं।
बुधवार सुबह तिब्बत की सीमा से लगे मध्य नेपाल के दो ज़िलों में अचानक आई भीषण बाढ़ से चार लोगों की मौत हो गई। इससे नदी के किनारे बसे इलाकों में भारी तबाही हुई और कम से कम एक दर्जन पनबिजली परियोजनाओं को नुकसान पहुंचा।
अधिकारियों ने बताया कि तिब्बत की ओर से आई बाढ़ सुबह करीब नौ बजे (स्थानीय समय) भोटे कोशी नदी में तेज़ी से बढ़ी, जिससे तिब्बत से सटे रसुवा और धादिंग ज़िले तथा काठमांडू के दक्षिण-पश्चिम में स्थित नुवाकोट ज़िला प्रभावित हुआ।
मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से बात की और नेपाल में बाढ़ से हुई जान-माल की क्षति पर संवेदना व्यक्त की। इस मुश्किल समय में भारत के लोग नेपाल के अपने भाइयों और बहनों के साथ एकजुटता से खड़े हैं।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भारत नेपाल को हरसंभव मानवीय सहायता देने के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी टीम बचाव और राहत कार्यों में मिलकर काम कर रही हैं।’’
अधिकारियों ने बताया कि नेपाल के रसुवा ज़िले में बुधवार को आई विनाशकारी बाढ़ में कम से कम 105 भारतीय और 37 प्रवासी भारतीयों समेत लगभग 400 लोग लापता हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इस बाढ़ ने कई गांवों को अपनी चपेट में ले लिया जिससे बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा।
भाषा
नेत्रपाल पवनेश
पवनेश

Facebook


