भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ गांव में बैठकें आयोजित करें किसान : एसकेएम

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ गांव में बैठकें आयोजित करें किसान : एसकेएम

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ गांव में बैठकें आयोजित करें किसान : एसकेएम
Modified Date: February 22, 2026 / 10:25 pm IST
Published Date: February 22, 2026 10:25 pm IST

नयी दिल्ली, 22 फरवरी (भाषा) संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने रविवार को भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते के खिलाफ अपनी मांगों को लेकर देश भर के किसानों से गांवों में सार्वजनिक सभाएं आयोजित करने का आह्वान किया।

यहां जारी एक बयान में, वर्ष 2020-21 के किसान आंदोलन का नेतृत्व करने वाले किसान संगठनों के समन्वयक संगठन एसकेएम ने देशभर के गांवों में बैठकों के दौरान नौ मार्च से पहले राष्ट्रपति को संबोधित उसके द्वारा लिखे गए खुले पत्र को अपनाने का आह्वान किया।

नौ मार्च को अवकाश के बाद संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण शुरू होगा।

एसकेएम ने अपने पत्र में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से आग्रह किया है कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को आगे न बढ़ाने का निर्देश दें। साथ ही, उसने “कृषि क्षेत्र को बहुराष्ट्रीय कंपनियों की लूट के लिए खोलने पर सहमत होने” के लिये वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल को बर्खास्त करने की मांग की है। संगठन ने मुर्मू से वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को जनवरी में जारी पत्र वापस लेने का निर्देश देने को कहा है। उस पत्र में वित्त मंत्री ने राज्य सरकारों से धान और गेहूं के किसानों को दिए जा रहे बोनस को समाप्त करने को कहा था।

एसकेएम ने कहा कि किसान अपने-अपने गांव के डाकघरों तक जुलूस निकालेंगे और उसके द्वारा लिखा गया खुला पत्र राष्ट्रपति भवन को भेजेंगे।

भाषा

प्रशांत दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में