फारूक अबदुल्ला ने केंद्र से जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने का आग्रह किया
फारूक अबदुल्ला ने केंद्र से जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने का आग्रह किया
श्रीनगर, 15 मई (भाषा) नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अबदुल्ला ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने में हो रही देरी पर सवाल उठाया और केंद्र से केंद्रशासित प्रदेश के लोगों से किए गए वादे पूरे करने का आग्रह किया।
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “जम्मू-कश्मीर के लोगों ने काफी इंतजार किया है। उनसे किए गए वादों को अब अमल में लाया जाना चाहिए।”
उन्होंने संसद और उच्चतम न्यायालय में दिए गए आश्वासनों के बावजूद राज्य का दर्जा बहाल करने में हो रही ‘लगातार देरी’ पर सवाल उठाया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में 2018 से 2024 के दौर ने साबित कर दिया कि नौकरशाही व्यवस्था कभी लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित सरकार का स्थान नहीं ले सकती, जो लोगों की आकांक्षाओं, भावनाओं और रोजमर्रा की चिंताओं से गहराई से जुड़ी रहती है।
अब्दुल्ला ने कहा, “नयी दिल्ली को जम्मू-कश्मीर को तुरंत पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करना चाहिए और निर्वाचित सरकार को सभी अधिकार वापस देने चाहिए, ताकि शासन अधिक जवाबदेह, उत्तरदायी और जनकेंद्रित बन सके।”
भाषा प्रचेता प्रशांत
प्रशांत

Facebook


