हल्द्वानी में करंट लगने से पिता-पुत्री की मौत

हल्द्वानी में करंट लगने से पिता-पुत्री की मौत

हल्द्वानी में करंट लगने से पिता-पुत्री की मौत
Modified Date: August 18, 2026 / 10:05 pm IST
Published Date: August 18, 2026 10:05 pm IST

हल्द्वानी, 18 अगस्त (भाषा) नैनीताल जिले के हल्द्वानी में करंट लगने से एक व्यक्ति और उसकी 12 वर्षीय बेटी की मौत हो गई। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घटना बनभूलपुरा क्षेत्र में सोमवार देर शाम उस समय की है जब नदीम (45) और उनकी बेटी अलिशबा (12) अपने घर के पास बिजली के खंभे के संपर्क में आ गए और उन्हें करंट लग गया।

परिजन और स्थानीय लोग दोनों को सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बिजली के खंभे में करंट आने की शिकायत पहले भी बिजली विभाग से की गई थी, लेकिन समय रहते उसका समाधान नहीं किया गया।

उन्होंने कहा कि शिकायत पर समय रहते कार्रवाई की जाती तो हादसा टाला जा सकता था।

स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से घटना की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने और मृतकों के परिजनों को उचित आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि पुलिस और संबंधित विभाग की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किसी स्तर पर लापरवाही हुई या नहीं।

इस बीच, घटना की जानकारी मिलने के बाद हल्द्वानी से कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश समेत विभिन्न दलों के नेता अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

भाषा सं दीप्ति खारी

खारी


लेखक के बारे में