जयपुर, 16 जुलाई (भाषा) राजस्थान के पाली जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बृहस्पतिवार को एक नगरपालिका के संविदा कर्मी के पिता को 25 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारियों ने बताया कि सोजत रोड नगरपालिका में संविदा कर्मी के रूप में तैनात युवक के पिता परमानंद शर्मा को रिश्वत के मामले में गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसके रिश्तेदार के नाम के पैतृक भूखंड का पट्टा जारी करने के एवज में आरोपी की ओर से अकाउंटेट, कनिष्ठ अभियंता और कार्यकारी अधिकारी के नाम से 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।
उन्होंने बताया कि एसीबी की एक टीम ने शिकायत के सत्यापन के बाद आरोपी को परिवादी से रिश्वत की कथित रकम लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारियों के अनुसार, परमानंद पहले सोजत रोड पंचायत में तैनात था और सेवानिवृत्त होने के बाद पिछले छह साल दिसंबर तक सोजत रोड नगरपालिका में संविदाकर्मी के रूप में काम कर रहा था।
उन्होंने बताया कि 65 साल से अधिक उम्र हो जाने पर परमानंद ने अपने बेटे सुनील शर्मा को सोजत रोड नगरपालिका में संविदा पर लगवा दिया, लेकिन उसकी जगह खुद ही लगातार काम करता रहा।
अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच जारी है।
भाषा
पृथ्वी पारुल
पारुल