राजस्थान में किसानों को मांग से अधिक उर्वरक उपलब्ध करवाया: मंत्री मीणा

राजस्थान में किसानों को मांग से अधिक उर्वरक उपलब्ध करवाया: मंत्री मीणा

राजस्थान में किसानों को मांग से अधिक उर्वरक उपलब्ध करवाया: मंत्री मीणा
Modified Date: February 20, 2026 / 07:36 pm IST
Published Date: February 20, 2026 7:36 pm IST

जयपुर, 20 फरवरी (भाषा) राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि सरकार ने किसानों को मांग से अधिक उर्वरक उपलब्ध करवाया है।

उन्होंने कहा कि अधिक मांग के बावजूद खाद की कमी नहीं आने दी गयी।

मंत्री ने कहा कि इसके साथ ही राज्य सरकार ने काला बाजारियों और नकली खाद बीज के विक्रेताओं के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की है।

कृषि मंत्री प्रश्नकाल में इस संबंध में पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के अच्छे प्रबंधन के कारण प्रदेश में खाद वितरण के समय पिछली सरकार के समय जैसी अप्रिय स्थितियां नहीं बनीं।

मीणा ने कहा कि इस बार लंबे मानसून के कारण जमीन में नमी बनी रही और बुवाई का रकबा बढ़ गया, साथ ही एक अतिरिक्त फसल बोने से फसलों के बीच का ‘अंतर’ कम हुआ, जिससे खाद की जरूरत बढ़ी।

उन्होंने कहा कि अधिक मांग के कारण कहीं-कहीं किसानों की कतार लगने की स्थिति बनी लेकिन खाद की कमी नहीं हुई।

कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा किसानों को मांग की तुलना में अधिक मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया गया।

मंत्री ने कहा कि खाद वितरण केंद्रों पर अधिकारियों की तैनाती की गई और गुणवत्ता नियंत्रण को लेकर सख्त कार्रवाई की गई।

भाषा पृथ्वी जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में