उत्तराखंड में पहली बार फिल्म पुरस्कार दिए जाएंगे, 16 अक्टूबर तक जमा होंगे ऑनलाइन आवेदन
उत्तराखंड में पहली बार फिल्म पुरस्कार दिए जाएंगे, 16 अक्टूबर तक जमा होंगे ऑनलाइन आवेदन
देहरादून, 16 सितंबर (भाषा) उत्तराखंड में पहली बार फिल्म पुरस्कार दिए जाएंगे जिसके तहत 2024 और 2025 में प्रदेश में निर्मित या फिल्मांकित फिल्मों तथा राज्य की क्षेत्रीय बोलियों, हिंदी एवं संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल अन्य भारतीय भाषाओं में बनी फिल्मों को सम्मानित किया जाएगा। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी ।
अधिकारियों के मुताबिक, उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद् द्वारा प्रदेश की फिल्म नीति-2024 के तहत उत्कृष्ट कलाकारों, तकनीशियनों एवं फिल्म विधा से जुड़े अन्य रचनात्मक व्यक्तियों को पुरस्कार प्रदान किये जायेंगे।
उन्होंने बताया कि पुरस्कारों के लिए ऑनलाइन आवेदन 15 सितंबर से 16 अक्टूबर तक जमा किये जा सकेंगे। पुरस्कार के लिए आयोजन की तिथियां बाद में तय की जाएंगी ।
परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बंशीधर तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड फिल्म पुरस्कार का पहला आयोजन स्थानीय फिल्मों, भाषाओं, कलाकारों और तकनीकी प्रतिभाओं को सम्मान एवं पहचान देने की महत्वपूर्ण पहल है ।
उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से उत्तराखंड की फिल्म संस्कृति को नई दिशा देने के साथ राज्य की प्रतिभाओं और यहां की लोक संस्कृति एवं कथानकों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘उत्तराखंड में बनी फिल्मों को पहचान, प्रतिभाओं को सम्मान और फिल्म संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में उत्तराखंड फिल्म पुरस्कार-2024 एवं 2025 इसी प्रयास की महत्वपूर्ण कड़ी है।’’
प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, हिमालयी पर्वतीय क्षेत्र, नदियां, झीलें, जंगल, धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थल फिल्म निर्माताओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन गए हैं।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 2019-20 से 2025-26 तक राज्य में 1,440 से अधिक फिल्मों की शूटिंग या उससे संबंधित अनापत्ति प्रमाणपत्रों से जुड़ी गतिविधियां दर्ज की गईं जिससे राज्य में फिल्म निर्माण के साथ होटल, परिवहन, कैटरिंग, स्थानीय सेवाओं और अन्य क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाएं भी बढ़ीं ।
भाषा दीप्ति
राजकुमार
राजकुमार

Facebook


