चार दिवसीय यात्रा पर भारत पहुंचे फिनलैंड के राष्ट्रपति

चार दिवसीय यात्रा पर भारत पहुंचे फिनलैंड के राष्ट्रपति

चार दिवसीय यात्रा पर भारत पहुंचे फिनलैंड के राष्ट्रपति
Modified Date: March 4, 2026 / 05:02 pm IST
Published Date: March 4, 2026 5:02 pm IST

नयी दिल्ली, चार मार्च (भाषा) फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब बुधवार को भारत की चार दिवसीय यात्रा पर यहां पहुंचे। उनकी इस यात्रा का मकसद व्यापार, निवेश और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करना है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्टब का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी यात्रा भारत-फिनलैंड संबंधों को ‘नई ऊंचाइयों’ पर ले जाएगी।

स्टब बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बातचीत करेंगे, जिसके बाद दोनों पक्षों द्वारा कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए अनेक समझौता ज्ञापनों (एमओयू) को अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है।

बैठक में पश्चिम एशिया में जारी संकट पर प्रमुखता से चर्चा होने की संभावना है।

स्टब ने दिल्ली रवाना होने से पहले कहा, ‘यह दौरा व्यापार सहित अन्य क्षेत्रों में फिनलैंड और भारत के बीच संबंधों को और मजबूत करेगा।’

फिनलैंड के राष्ट्रपति बृहस्पतिवार शाम को रायसीना संवाद के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

स्टब की टिप्पणी के जवाब में मोदी ने ‘एक्स’ पर कहा, “ भारत में आपका स्वागत है, राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब। मैं आपसे पूरी तरह सहमत हूं कि आपकी यह यात्रा भारत-फिनलैंड संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। मैं कल होने वाली हमारी मुलाकात और रायसीना संवाद 2026 में आपके मुख्य भाषण का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।”

विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने हवाई अड्डे पर स्टब का गर्मजोशी से स्वागत किया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘भारत और फिनलैंड लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित सौहार्दपूर्ण और मैत्रीपूर्ण संबंध साझा करते हैं। राष्ट्रपति स्टब की यात्रा भारत-फिनलैंड संबंधों को और अधिक ऊर्जा प्रदान करेगी।’

फिनलैंड के राष्ट्रपति के साथ मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और कारोबारियों का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी है।

स्टब की भारत यात्रा से कुछ हफ्ते पहले फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेटेरी ओर्पो ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के लिए दिल्ली आए थे।

स्टब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन से भी मुलाकात करेंगे।

फिनलैंड के राष्ट्रपति शुक्रवार को मुंबई की यात्रा करेंगे, जहां उनका कई कारोबारियों से मुलाकात करने का कार्यक्रम है। फिनलैंड के राष्ट्रपति की यात्रा शनिवार को संपन्न होगी।

भाषा नोमान पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में