नोएडा में फिनटेक कंपनी का सर्वर हैक कर दो करोड़ रुपये से अधिक की ठगी

नोएडा में फिनटेक कंपनी का सर्वर हैक कर दो करोड़ रुपये से अधिक की ठगी

नोएडा में फिनटेक कंपनी का सर्वर हैक कर दो करोड़ रुपये से अधिक की ठगी
Modified Date: September 16, 2026 / 08:59 am IST
Published Date: September 16, 2026 8:59 am IST

नोएडा (उत्तर प्रदेश), 16 सितंबर (भाषा) नोएडा में साइबर जालसाजों ने एक वित्तीय प्रौद्योगिकी कंपनी (फिनटेक) का सर्वर और एपीआई पोर्टल हैक कर दो करोड़ रुपये से अधिक की रकम निकाल ली। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस की एक अधिकारी ने बताया कि ‘रिनोवा पेटेक प्राइवेट लिमिटेड’ के प्रतिनिधि राजकुमार की ओर से मंगलवार को दी गई शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।

‘रिनोवा पेटेक प्राइवेट लिमिटेड’ मोबाइल फोन रिचार्ज, बिल भुगतान, आधार के जरिए नकद निकासी और घरेलू धन हस्तांतरण जैसी सेवाएं उपलब्ध कराती है।

पुलिस उपायुक्त (साइबर अपराध) शैव्या गोयल ने शिकायत का हवाला देते हुए बताया कि 13 सितंबर को दोपहर बाद से रात करीब आठ बजे के बीच साइबर जालसाजों ने कंपनी का सर्वर हैक कर लिया और एपीआई पोर्टल के जरिए कंपनी के खाते से 2,42,65,576 रुपये निकाल लिये।

उन्होंने बताया कि यह रकम 497 लेनदेन के जरिए 28 बैंक के 58 खातों में अंतरित की गई।

गोयल ने कहा, “साइबर अपराध शाखा की टीम इसकी जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि किन-किन बैंक खातों में कितनी-कितनी रकम अंतरित की गई।”

भाषा सं खारी

खारी


लेखक के बारे में