बंगाल चुनाव के दौरान ‘भड़काऊ’ बयान देने के आरोप में अभिषेक बनर्जी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
बंगाल चुनाव के दौरान ‘भड़काऊ’ बयान देने के आरोप में अभिषेक बनर्जी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
कोलकाता, 16 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल पुलिस ने शनिवार को कहा कि हाल में संपन्न विधानसभा चुनाव के दौरान ‘भड़काऊ’ बयान देने के आरोप में तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सामाजिक कार्यकर्ता राजीव सरकार द्वारा पांच मई यानी विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के एक दिन बाद उत्तर 24 परगना जिले के बागुईआटी थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर यह प्राथमिकी दर्ज की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ने चुनाव बाद हिंसा और मतगणना प्रक्रिया को लेकर भड़काऊ टिप्पणी की थीं।
उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया कि बनर्जी की कथित भड़काऊ टिप्पणियां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जुड़ी थीं।
अधिकारी ने कहा, ‘‘शिकायत दर्ज होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए 15 मई को बिधाननगर पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत साइबर अपराध पुलिस थाने में औपचारिक रूप से एक प्राथमिकी दर्ज की गई।’’
उन्होंने बताया कि मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और जनप्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बनर्जी ने 27 अप्रैल से तीन मई के बीच कई चुनावी कार्यक्रमों में भड़काऊ भाषण दिए।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘शिकायतकर्ता का आरोप है कि सार्वजनिक सभाओं में की गई कुछ टिप्पणियां भड़काऊ थीं और उनसे सार्वजनिक व्यवस्था तथा सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका थी। जांच के तहत इन बयानों की सामग्री की पड़ताल की जा रही है।’’
भाषा गोला अमित
अमित

Facebook


