शादी के नाम पर बिट्टू बजरंगी से 30,000 रुपये की ठगी, प्राथमिकी दर्ज

शादी के नाम पर बिट्टू बजरंगी से 30,000 रुपये की ठगी, प्राथमिकी दर्ज

शादी के नाम पर बिट्टू बजरंगी से 30,000 रुपये की ठगी, प्राथमिकी दर्ज
Modified Date: February 20, 2026 / 04:08 pm IST
Published Date: February 20, 2026 4:08 pm IST

फरीदाबाद, 20 फरवरी (भाषा) गौ रक्षक बिट्टू बजरंगी से शादी के नाम पर एक व्यक्ति ने कथित तौर पर 30 हजार रुपये की ठगी की। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि बजरंगी की शिकायत के आधार पर आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। बजरंगी 2023 के नूंह सांप्रदायिक दंगों का आरोपी है।

शिकायत के अनुसार, बजरंगी ने अपने पड़ोसी के रिश्तेदार आरोपी बंटी से कहा कि वह शादी करना चाहता है और अगर उसकी पहचान में कोई उपयुक्त रिश्ता है तो वह उसे बताए।

शिकायत में कहा गया है कि बंटी ने बजरंगी को रानी नाम की एक महिला से मिलवाया। इसके बाद बंटी और रानी ने बजरंगी को तीन बार अलीगढ़ में संभावित रिश्ते के सिलसिले में बुलाया, लेकिन उसे उनमें से कोई भी पसंद नहीं आया।

इसके बाद बंटी ने बजरंगी को एक युवती की तस्वीर भेजी जो उसे पसंद थी।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि पांच सितंबर, 2025 को बंटी और रानी उस युवती व उसके परिवार के साथ बजरंगी के घर आए व इस दौरान सात फरवरी को शादी तय की गई।

वादे के मुताबिक, बजरंगी ने होने वाली दुल्हन के लिए कपड़े आदि खरीदने के लिए छह फरवरी को आरोपियों को 30,000 रुपये हस्तांतरित किए।

शिकायत में कहा गया है कि जब वह बारात के साथ अलीगढ़ पहुंचा, तो आरोपी वहां नहीं मिले और उन्होंने अपने मोबाइल फोन बंद कर रखे थे।

बजरंगी ने शिकायत में कहा है कि जब उसने दुल्हन को फोन किया तो उसने बताया कि शादी के बारे में उसे कुछ पता नहीं है और वह वहां से खाली हाथ लौट आया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बजरंगी और आरोपी व्यक्तियों के बीच हुए समझौते के तहत, उसे शादी की व्यवस्था के लिए उन्हें 1.20 लाख रुपये का भुगतान करना था।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर बंटी, रानी और अन्य के खिलाफ सारण पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और जांच जारी है।

बजरंगी के एक पड़ोसी ने बताया कि उनके घर में नई दुल्हन के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अंत में सब कुछ बिगड़ गया।

भाषा तान्या पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में