दिल्ली के मोहन गार्डन स्थित सरकारी स्कूल में छात्र पर हमला, प्राथमिकी दर्ज
दिल्ली के मोहन गार्डन स्थित सरकारी स्कूल में छात्र पर हमला, प्राथमिकी दर्ज
नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) दिल्ली के मोहन गार्डन के एक सरकारी स्कूल में झगड़े के बाद कुछ विद्यार्थियों और कुछ बाहरी लोगों ने 14 वर्षीय छात्र पर कथित तौर पर हमला कर दिया। दिल्ली पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना तब सामने आई जब मोहन गार्डन थाने को मंगलवार शाम सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल के छात्रों के बीच झगड़े के संबंध में सूचना मिली।
पुलिस ने कहा कि दसवीं कक्षा के घायल छात्र को दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया और बाद में उसे एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित के पिता सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करते हैं और उसकी मां मोहन गार्डन में एक कपड़े की दुकान पर कार्यरत है।
पुलिस ने कहा कि उन्होंने भारतीय न्याय संहिता की धारा 110 (गैर इरादतन हत्या का प्रयास) और 3(5) (सामान्य इरादे) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
अधिकारियों ने कहा कि बाहरी छात्रों सहित हमले में शामिल सभी लोगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने कहा कि आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव

Facebook


