खरगे की रैली के बाद ‘शुद्धिकरण’ मामले में कांग्रेस नेता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज

Ads

खरगे की रैली के बाद ‘शुद्धिकरण’ मामले में कांग्रेस नेता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज

  •  
  • Publish Date - September 8, 2026 / 08:49 PM IST,
    Updated On - September 8, 2026 / 08:49 PM IST

हल्द्वानी, आठ सितंबर (भाषा) हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद कथित तौर पर शुद्धिकरण किए जाने के मामले में पुलिस ने पार्टी नेता अंजू आर्य की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, अधिवक्ता आर्य की ओर से हल्द्वानी पुलिस कोतवाली में दी गई शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

हल्द्वानी के पुलिस अधिकारी विजय मेहता ने बताया कि शिकायत में जातिगत भेदभाव, सामाजिक अपमान और अनुसूचित जाति के व्यक्ति के प्रति घृणा एवं हीनता का भाव रखने जैसे आरोप लगाए गए हैं, जिसके आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196 और 299 के साथ ही अनुसूचित जाति/जनजाति अधिनियम की धारा 3(1)(आर) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

आठ अगस्त को खरगे की जनसभा के बाद रामलीला मैदान में कथित तौर पर ‘शुद्धिकरण’ अनुष्ठान किए जाने का मामला सामने आया था। कांग्रेस ने इसे खरगे और अनुसूचित जाति के लोगों का अपमान बताते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी। पार्टी ने इस मांग को लेकर प्रदर्शन भी किए थे।

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच नैनीताल के पुलिस अधीक्षक (अपराध) डॉ. जगदीश चंद्र करेंगे।

उसने बताया कि जांच के दौरान पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों, शिकायत में लगाए गए आरोपों, उपलब्ध साक्ष्यों और संबंधित लोगों की भूमिका की पड़ताल करेगी।

भाषा

सं दीप्ति पारुल

पारुल