देहरादून में नदियों में कूड़ा डालने वालों के खिलाफ दर्ज की जाएगी प्राथमिकी

देहरादून में नदियों में कूड़ा डालने वालों के खिलाफ दर्ज की जाएगी प्राथमिकी

देहरादून में नदियों में कूड़ा डालने वालों के खिलाफ दर्ज की जाएगी प्राथमिकी
Modified Date: September 5, 2026 / 07:24 pm IST
Published Date: September 5, 2026 7:24 pm IST

देहरादून, पांच सितंबर (भाषा) उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में नदी किनारे या नदियों में कूड़ा डालने वाले व्यक्तियों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

देहरादून के जिलाधिकारी डॉ.आशीष चौहान ने शनिवार को शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) को अपने-अपने क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि नदी किनारे या नदियों में कूड़ा डालने वाले व्यक्तियों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जाए।

यहां एक बैठक में जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों, नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उच्चतम न्यायालय द्वारा इस संबंध में दिए गए दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन किया जाए तथा कूड़ा निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

उन्होंने कहा कि शहर में कहीं भी अनधिकृत रूप से कूड़ा नहीं फेंका जाना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों से अनधिकृत डंपिंग साइट को तत्काल चिन्हित करते हुए संबंधित क्षेत्र में कार्यरत एजेंसी की जवाबदेही तय करने तथा लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई करने को कहा।

जिलाधिकारी ने नदी किनारे या नदियों में कूड़ा डाले जाने की घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए वहां जाल लगाकर निगरानी तंत्र मजबूत करने को कहा। उन्होंने कहा कि नदियों में कूड़ा फेंकते हुए पकड़े जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जाए।

उप जिलाधिकारी अपर्णा ढौंडियाल ने बैठक में बताया कि शीर्ष न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एक प्रकोष्ठ का गठन किया गया है।

उन्होंने बताया कि न्यायालय के आदेश की प्रति सभी नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, जिला पंचायत एवं छावनी परिषद के निर्वाचित प्रतिनिधियों तथा पार्षदों को उपलब्ध करा दी गई है।

भाषा दीप्ति जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में