दक्षिणी दिल्ली के नेचर बाजार में आग लगी, करीब 50 दुकानें जलकर खाक

Ads

दक्षिणी दिल्ली के नेचर बाजार में आग लगी, करीब 50 दुकानें जलकर खाक

  •  
  • Publish Date - March 15, 2026 / 10:07 AM IST,
    Updated On - March 15, 2026 / 10:07 AM IST

नयी दिल्ली, 15 मार्च (भाषा) दक्षिण दिल्ली के अंधेरिया मोड़ इलाके में स्थित नेचर बाजार में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। इस घटना में करीब 50 दुकानें जलकर खाक हो गईं और बड़े पैमाने पर आग बुझाने का अभियान चलाया गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अग्निशमन विभाग के अनुसार, आग लगने की सूचना सुबह 7:37 बजे मिली। सूचना मिलते ही आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। अब तक इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

अधिकारी ने बताया कि आग लाडो सराय क्षेत्र में अंधेरिया मोड़ के पास स्थित नेचर बाजार में लगी जहां हस्तशिल्प और अन्य सामान बेचने वाली कई अस्थायी और अर्ध-स्थायी दुकानें लगी हुई हैं।

घटना के बाद आग तेजी से कई दुकानों में फैल गई जिससे बाजार परिसर से धुएं के गुबार उठते देखे गए।

दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने और उसे फैलने से रोकने के लिए व्यापक अभियान चलाया।

अधिकारी के अनुसार, इस घटना में लगभग 50 दुकानें जलकर नष्ट हो गईं जिससे सामान और संरचनाओं को भारी नुकसान हुआ है।

दमकलकर्मी आग को पूरी तरह बुझाने और इलाके में शीतलन अभियान चलाने में लगे हुए हैं। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है।

इस दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और अग्निशमन कार्य में सहयोग देने के लिए पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।

भाषा प्रचेता सुरभि

सुरभि