नोएडा, 13 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के नोएडा में फेस-वन थाना क्षेत्र के सेक्टर-4 स्थित बिजली के स्मार्ट मीटर बनाने वाली चार मंजिला एक फैक्टरी में बृहस्पतिवार सुबह लगी भीषण आग पर करीब 40 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शुक्रवार रात को काबू पा लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आग बुझाने के अभियान में 150 दमकलकर्मियों और दमकल की 37 गाड़ियों की मदद ली गई तथा 20 लाख लीटर से अधिक पानी का उपयोग किया गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि ‘कैपिटल पावर सिस्टम लिमिटेड’ की इस फैक्टरी में बिजली के स्मार्ट मीटर बनाए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह लगभग पांच बजे फैक्टरी के बेसमेंट में रखे विद्युत मीटर, प्लास्टिक तार और गत्तों में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे चार मंजिला भवन को अपनी चपेट में ले लिया।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और फैक्टरी में मौजूद 300 से अधिक कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
अधिकारी ने बताया कि अफरातफरी और ऊंचाई से कूदने के कारण घायल हुए 37 कर्मचारियों को जिला अस्पताल समेत अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जिनमें से एक कर्मचारी की हालत अब भी गंभीर बताई जा रही है जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
आग बुझाने के लिए गौतमबुद्ध नगर के अलावा गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर और अलीगढ़ से भी दमकल की गाड़ियां बुलानी पड़ीं।
दमकलकर्मियों ने बृहस्पतिवार दोपहर तक भवन की चारों मंजिलों में लगी आग पर काबू पा लिया था लेकिन फैक्टरी के दो बेसमेंट में आग बुझाने में काफी कठिनाई आ रही थी।
अधिकारियों के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम को जेसीबी की मदद से बेसमेंट का कुछ हिस्सा तोड़ा गया और दमकलकर्मियों ने सुरक्षा उपकरणों के साथ अंदर जाने का प्रयास किया,लेकिन मीटरों में लगी बैटरियों में रुक-रुककर हो रहे विस्फोटों के कारण आग बार-बार भड़क रही थी।
उन्होंने बताया कि अंततः लगातार प्रयास के बाद शुक्रवार रात करीब नौ बजे आग पर काबू पा लिया गया।
पुलिस के अनुसार, फैक्टरी का मालिक विदेश में है और संचालकों से संपर्क कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं जितेंद्र
जितेंद्र