पालघर में मालगाड़ी की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत

Ads

पालघर में मालगाड़ी की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - March 14, 2026 / 09:53 AM IST,
    Updated On - March 14, 2026 / 09:53 AM IST

पालघर, 14 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार रात रेल की पटरियों पर चल रहे तीन लोगों की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने शनिवार को यह जानकारी दी।

हालांकि, मृतकों के परिजनों ने दावा किया है कि शुक्रवार रात जब यह घटना हुई उस समय कथित तौर पर पुलिस तीनों युवकों का पीछा कर रही थी जिसकी वजह से वे पटरियों पर दौड़ रहे थे।

एक अधिकारी ने बताया कि पालघर पूर्व के वीरेंद्र नगर इलाके के निवासी स्वप्निल शैलेश पालंदे (23), कुणाल कुमार दुबला (23) और अफरोज खलील शेख (28) रात करीब साढ़े आठ बजे से नौ बजे के बीच एक मालगाड़ी की चपेट में आ गए।

पालघर जीआरपी के वरिष्ठ निरीक्षक सचिन इंगवाले ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “रेल की पटरी पर चल रहे तीनों युवकों की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। हमारे पास इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि पुलिस उनका पीछा कर रही थी या उन्होंने आत्महत्या की।”

उन्होंने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद जीआरपी के जवान मौके पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया।

वहीं, मृतकों के परिजनों ने आरोप लगाया कि दुर्घटना से पहले सादे कपड़ों में कुछ पुलिसकर्मियों ने युवकों के साथ मारपीट की थी। उनका कहना है कि इससे बचने के लिए युवक पास की रेलवे पटरियों की ओर भागे और इसी दौरान एक मालगाड़ी की चपेट में आकर उनकी मौत हो गई।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जीआरपी ने फिलहाल आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है और दुर्घटना की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है।

भाषा प्रचेता सुरभि

सुरभि

सुरभि