जोधपुर के निजी अस्पताल में आग लगी, कोई हताहत नहीं
जोधपुर के निजी अस्पताल में आग लगी, कोई हताहत नहीं
जोधपुर, 11 जून (भाषा) जोधपुर के एक निजी अस्पताल में बुधवार देर रात आग लग गयी, जिसके बाद अधिकारियों ने प्रभावित वार्ड से कई मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
यह घटना पावटा बी रोड स्थित एक अस्पताल में हुई। सबसे पहले एसी डक्ट से धुआं निकलता देखा गया, जिसके कुछ ही देर बाद ‘फायर अलार्म’ बजने लगा।
पुलिस ने बताया कि अस्पताल के ओपीडी में मौजूद मरीजों को तुरंत इमारत से बाहर निकाला गया। इस दौरान धुएं के कारण एक महिला कर्मचारी बेहोश हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि दमकल विभाग की टीम और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और करीब 30 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया। आग अस्पताल की तीसरी मंजिल पर लगी थी।
अस्पताल में भर्ती छह मरीजों को पास के एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। वहीं, दो मरीज जिन्हें छुट्टी दी जानी थी, उन्हें उनके घर भेज दिया गया।
महामंदिर थाना प्रभारी (एसएचओ) देवेंद्र सिंह देवड़ा ने कहा कि सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी जय सिंह चौहान ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एयर कंडीशनिंग प्रणाली पर अत्यधिक भार पड़ने से हुए शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। उन्होंने कहा कि इमारत में मरम्मत का काम भी चल रहा था।
उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी। प्रारंभिक जानकारी से पता चला है कि इमारत का वार्षिक विद्युत सुरक्षा आकलन नहीं कराया गया था। अधिकारी के अनुसार विभाग अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन की भी जांच करेगा।
भाषा गोला वैभव
वैभव

Facebook


