गोवा में प्रदर्शनों के दौरान ‘उमर खालिद’ के समर्थन वाली तख्तियों पर पुलिस कार्रवाई का सावंत ने समर्थन किया
गोवा में प्रदर्शनों के दौरान 'उमर खालिद' के समर्थन वाली तख्तियों पर पुलिस कार्रवाई का सावंत ने समर्थन किया
पणजी, 26 जुलाई (भाषा) गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने रविवार को कहा कि राज्य में राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस बीच, पुलिस ने उन दो प्रदर्शनों के आयोजकों से पूछताछ की, जिनमें कथित तौर पर उमर खालिद की रिहाई की मांग वाली तख्तियां प्रदर्शित की गई थीं।
पुलिस ने गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) ‘उजवाद’ की प्रमुख अमरीन शेख से पूछताछ की। इस संगठन ने परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं और ‘नीट’ प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए शुक्रवार को मापुसा और शनिवार को पणजी में प्रदर्शन आयोजित किए थे।
शेख को पूछताछ के लिए मापुसा पुलिस थाने बुलाया गया। नागरिकों के एक समूह ने शनिवार को शिकायत दर्ज कराई थी कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने उमर खालिद की रिहाई की मांग वाले पोस्टर प्रदर्शित किए। इसके बाद गोवा पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया।
वास्को में संवाददाताओं से बातचीत में सावंत ने कहा कि पुलिस ने कथित तौर पर खालिद के समर्थन वाले पोस्टर लेकर खड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई करके सही कदम उठाया है। उन्होंने दावा किया कि खालिद राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों में शामिल पाया गया है।
भाषा
शुभम प्रशांत
प्रशांत

Facebook


