मध्य दिल्ली में एसपीए इमारत में आग लगी, कोई हताहत नहीं
मध्य दिल्ली में एसपीए इमारत में आग लगी, कोई हताहत नहीं
नयी दिल्ली, एक जून (भाषा) मध्य दिल्ली स्थित ‘स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर’ (एसपीए) इमारत में सोमवार को आग लग गई जिसके बाद कई दमकल गाड़ियों, एम्बुलेंस और पुलिस कर्मियों को मौके पर भेजा गया। यह जानकारी पुलिस ने दी।
इससे पहले, दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) ने एसपीए परिसर में शिक्षा मंत्रालय के कार्यालय में आग लगने की जानकारी दी थी।
अधिकारी के अनुसार, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, आग लगने की सूचना सुबह 9 बजकर 37 मिनट पर मिली, जिसके बाद दमकल की आठ गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।
अग्निशमन कर्मियों ने एसपीए भवन की दूसरी मंजिल पर स्थित प्रशासनिक खंड के संकाय कक्षों में लगी आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया।
पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना आईपी एस्टेट थाने में मिलने के तत्काल बाद स्थानीय पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया।
एसपीए में एसपीए में कार्यालय सहायक के रूप में कार्यरत सौरभ शर्मा ने पुलिस को प्रशासनिक खंड के संकाय कक्षों से धुआं और आग की लपटें निकलने की सूचना दी और उन्होंने पीसीआर को कॉल किया।
अधिकारियों ने बताया कि दमकल की गाड़ियों के अलावा तीन एम्बुलेंस, दो पीसीआर वैन, यातायात पुलिस कर्मियों और स्थानीय पुलिसकर्मियों को भी राहत एवं बचाव कार्य में सहायता तथा परिसर और उसके आसपास लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगाया गया।
पुलिस के अनुसार, लगातार अग्निशमन प्रयासों के बाद आग पर काबू पा लिया गया और बाद में उसे पूरी तरह बुझा दिया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है।’’
अधिकारियों ने आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। मामले की आगे की जांच जारी है।
भाषा अमित मनीषा
मनीषा

Facebook


