सूरत के कपड़ा बाजार में लगी आग, कई दुकानें क्षतिग्रस्त, एक दमकलकर्मी घायल

Ads

सूरत के कपड़ा बाजार में लगी आग, कई दुकानें क्षतिग्रस्त, एक दमकलकर्मी घायल

  •  
  • Publish Date - September 9, 2026 / 12:05 PM IST,
    Updated On - September 9, 2026 / 12:05 PM IST

सूरत, नौ सितंबर (भाषा) गुजरात के सूरत शहर में एक बहुमंजिला कपड़ा बाजार में भीषण आग लग गई, जिससे 12 से अधिक दुकानें क्षतिग्रस्त हो गयीं और एक दमकलकर्मी घायल हो गया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आग आधी रात के आसपास श्याम संगिनी कपड़ा बाजार में लगी और छठी मंजिल पर स्थित दुकानें इसकी चपेट में आ गईं।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी बसंत पारीक ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 25 गाड़ियां और करीब 150 दमकलकर्मियों व अधिकारियों को तैनात किया गया।

उन्होंने बताया कि सात से आठ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

अधिकारी ने बताया कि आग बुझाने के अभियान के दौरान एक दमकलकर्मी घायल हो गया। उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया।

स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि आग ने छठी मंजिल पर स्थित दुकानों के बाहर रखा सिंथेटिक सामान नष्ट कर दिया और आग जल्द ही कई अन्य दुकानों तक फैल गई।

भाषा गोला मनीषा

मनीषा