पूर्वोत्तर दिल्ली की एक इमारत में लगी आग, कोई हताहत नहीं

पूर्वोत्तर दिल्ली की एक इमारत में लगी आग, कोई हताहत नहीं

पूर्वोत्तर दिल्ली की एक इमारत में लगी आग, कोई हताहत नहीं
Modified Date: July 12, 2026 / 10:47 am IST
Published Date: July 12, 2026 10:47 am IST

नयी दिल्ली, 12 जुलाई (भाषा) पूर्वोत्तर दिल्ली के मजलिस पार्क इलाके में एक रिहायशी इमारत में आग लगने के बाद बड़े पैमाने पर आग बुझाने और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान चलाया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, शनिवार रात हुई इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

पुलिस ने बताया कि शनिवार रात नौ बजकर 18 मिनट पर पीसीआर को आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद आदर्श नगर थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

उसने बताया कि स्थिति पर काबू पाने और एहतियात के तौर पर आसपास के घरों से लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए कम से कम 25 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान के दौरान इमारत में रखा एक गैस सिलेंडर फट गया, जिसके बाद पुलिसकर्मियों को सुरक्षित दूरी पर हटना पड़ा। इसके बाद दमकल विभाग की टीमों ने आग बुझाने का अभियान संभाला। इस दौरान दो और धमाकों की आवाज सुनाई दी। पुलिस को संदेह है कि ये धमाके इमारत में लगे एयर कंडीशनरों की बाहरी इकाइयों के फटने से हुए।

उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की पांच गाड़ियों को मौके पर लगाया गया।

पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।

भाषा

प्रचेता रंजन

रंजन


लेखक के बारे में