नोएडा, 25 जून (भाषा) ग्रेटर नोएडा में बृहस्पतिवार को एक वाणिज्यिक इमारत की नौवीं मंजिल पर आग लग गई, जिसके बाद दमकल की गई गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि अग्निशमन विभाग को सुबह नौ बजकर 40 मिनट पर ‘टेक जोन-4’ में स्थित ‘गोल्डन आई’ इमारत की नौवीं मंजिल पर आग लगने की सूचना मिली थी।’’
उन्होंने बताया कि शुरुआती सूचना में कुछ लोगों के इमारत के अंदर फंसे होने की आशंका जताई गई थी, जिसके बाद दमकल की पांच गाड़ियों और एक हाइड्रोलिक मंच वाहन को तुरंत मौके पर भेजा गया।
चौबे ने कहा, ‘‘निरीक्षण करने पर पता चला कि इमारत के अंदर कोई व्यक्ति नहीं फंसा था। जिस दफ्तर में आग लगी, वह पहले से ही बंद था।’’
उन्होंने बताया कि दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया और आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
भाषा
खारी मनीषा
मनीषा