‘इंडिया’ की समन्वय समिति की पहली बैठक, सीटों के तालमेल समेत कई विषयों पर चर्चा

‘इंडिया’ की समन्वय समिति की पहली बैठक, सीटों के तालमेल समेत कई विषयों पर चर्चा

‘इंडिया’ की समन्वय समिति की पहली बैठक, सीटों के तालमेल समेत कई विषयों पर चर्चा
Modified Date: September 13, 2023 / 07:04 pm IST
Published Date: September 13, 2023 7:04 pm IST

नयी दिल्ली, 13 सितंबर (भाषा) विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की समन्वय समिति की पहली बैठक बुधवार को यहां हुई, जिसमें आगे की रणनीति, सीटों के तालमेल, चुनाव अभियान कार्यक्रम और जनसभाओं समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार के नई दिल्ली स्थित आवास पर यह बैठक हुई। बैठक में शरद पवार के अलावा, कांग्रेस के केसी वेणुगोपाल, द्रमुक के टी आर बालू, राष्ट्रीय जनता दल के तेजस्वी यादव, जनता दल (यूनाइटेड) के संजय झा, आम आदमी पार्टी के राघव चड्ढा, शिवसेना (यूबीटी) के संजय राउत, नेशनल कॉन्फ्रेंस के उमर अब्दुल्ला, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की महबूबा मुफ्ती, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के डी. राजा, और समाजवादी पार्टी के जावेद अली खान शामिल हुए। कांग्रेस नेता गुरदीप सप्पल भी इस बैठक में मौजूद रहे।

इस समिति में कुल 14 सदस्य हैं, लेकिन आज की बैठक में कुल 11 सदस्य ही शामिल हो सके। माना जा रहा है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने पिता शिबू सोरेन के अस्वस्थ होने के चलते बैठक में शामिल नहीं हुए। तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष पेशी के कारण इस बैठक शामिल नहीं हो सके। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने अब तक इस समिति के लिए अपने प्रतिनिधि का चयन नहीं किया है।

माकपा के सूत्रों का कहना है कि समन्वय समिति में पार्टी की तरफ से प्रतिनिधि कौन होगा, इसका फैसला 16-17 सितंबर को होने वाली पोलित ब्यूरो की बैठक में लिया जाएगा।

‘इंडिया’ की समन्वय समिति की बैठक से जुड़ा एक वीडियो ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कांग्रेस ने कहा, ‘‘हमने साथ मिलकर लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प लिया है, हम इसे जरूर पूरा करेंगे। जुड़ेगा भारत, जीतेगा इंडिया।’’

बैठक से पहले, सूत्रों ने बताया था कि इस बैठक में आगे की रणनीति और चुनाव अभियान कार्यक्रमों के अलावा सीटों के तालमेल पर भी चर्चा संभव है।

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता मनोज झा ने सोमवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा था कि समन्वय समिति की पहली बैठक आगे के चुनाव अभियान और जनसभाओं के कार्यक्रम तय करने पर केंद्रित होगी।

अगले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का मुकाबला करने के लिए दो दर्जन से अधिक विपक्षी दलों ने ‘इंडिया’ का गठन किया है। ‘इंडिया’ के घटक दलों के नेताओं की पिछले दिनों मुंबई में हुई बैठक में गठबंधन के भविष्य के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के लिए 14 सदस्यीय समन्वय समिति का गठन किया गया था।

समन्वय समिति विपक्षी गठबंधन की शीर्ष निर्णय लेने वाली संस्था के रूप में कार्य करेगी।

इसी साल जून में पटना में विपक्षी गुट की पहली बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्येक सीट से सबसे मजबूत उम्मीदवार को चुना जाएगा।

मुंबई में हुई विपक्षी गठबंधन की तीसरी बैठक के बाद एक सितंबर को जारी प्रस्ताव में कहा गया था कि पार्टियां ‘जहां तक संभव होगा’ वहां तक एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगी और विभिन्न राज्यों में सीटों के बंटवारे का काम तत्काल शुरू होगा और जल्द से जल्द संपन्न होगा।

विपक्षी नेताओं के अनुसार, जहां महाराष्ट्र, तमिलनाडु और बिहार जैसे राज्यों में सीटों के समन्वय के मुद्दे को सुलझा लिया गया है, वहीं दिल्ली, पंजाब और पश्चिम बंगाल जैसे कुछ राज्यों में सीटों का तालमेल एक बड़ी चुनौती है।

भाषा हक हक पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में