बेंगलुरु, 29 जून (भाषा) बेंगलुरु में एक व्यक्ति और उसके कार चालक का अपहरण करके उससे 1.09 करोड़ रुपये नकद लूटने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना 15 जून को मदनायकनाहल्ली थाना क्षेत्र में हुई थी।
पुलिस ने दावा किया कि इन गिरफ्तारियों के साथ ही उन्होंने 85.50 लाख रुपये की नकदी, एक खिलौना पिस्तौल, तीन मोबाइल फोन और अपराध में इस्तेमाल की गई दो कारें बरामद कर ली हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों में शामिल एक व्यक्ति पूर्व में पीड़ित के चालक के रूप में काम कर चुका है और उसने ही अपने साथियों को सूचना दी थी कि शिकायतकर्ता एक कंपनी में निवेश के लिए भारी मात्रा में नकदी ले जाने वाला है। इसी सूचना के आधार पर उन्होंने लूट की इस वारदात की साजिश रची और उसे अंजाम दिया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘जांच से पता चला है कि सभी 10 आरोपी आपस में दोस्त थे। चूंकि उनके पास कोई स्थायी रोजगार नहीं था और उनमें से तीन आदतन अपराधी थे, इसलिए उन्होंने जल्दी पैसा कमाने के लिए यह साजिश रची।’’
पुलिस ने बताया कि 24 जून को पांच आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने कहा कि शेष पांच आरोपियों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
भाषा सुमित संतोष
संतोष