कर्नाटक से राज्यसभा की चार सीट के लिए पांच उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए

Ads

कर्नाटक से राज्यसभा की चार सीट के लिए पांच उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए

  •  
  • Publish Date - June 8, 2026 / 06:40 PM IST,
    Updated On - June 8, 2026 / 06:40 PM IST

बेंगलुरु, आठ जून (भाषा) कर्नाटक से राज्यसभा की चार सीट के लिए 18 जून को होने वाले चुनाव के तहत नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन सोमवार तक पांच उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।

कर्नाटक विधानसभा के सदस्य विधान सौध में मतदान करेंगे।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद इराणा कडाडी और नारायण कोरगप्पा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा जनता दल-सेक्युलर) (जद-एस) के नेता एवं पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा का कार्यकाल 25 जून को समाप्त होगा, इसलिए यह चुनाव आवश्यक हो गया है।

नामांकन दाखिल करने वाले पांच उम्मीदवारों में फिर से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे, अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) के सचिव मंसूर अली खान और पार्टी के मीडिया एवं प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा, भाजपा उम्मीदवार एम नागराज तथा कोडागु जिले के निर्दलीय उम्मीदवार बोजन्ना सोमैया शामिल हैं।

भाजपा उम्मीदवार नागराज ने पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा, भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र और अन्य नेताओं की मौजूदगी में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

नामांकन पत्रों की जांच नौ जून को होगी।

उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तारीख 11 जून है, जबकि मतदान के बाद मतगणना 18 जून को होगी।

विधानसभा में मौजूदा संख्या बल को देखते हुए सत्तारूढ़ कांग्रेस के चार में से तीन सीट जीतने की संभावना है जबकि भाजपा को एक सीट मिलने की संभावना है। दलों ने इसी के अनुरूप उम्मीदवार उतारे हैं। इनके अलावा एक निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में है।

राज्य की 224 सदस्यीय विधानसभा में सत्तारूढ़ कांग्रेस के 134 विधायक हैं जबकि भाजपा के 62 सदस्य हैं। जद-एस के 18 विधायक हैं।

इसके अलावा कल्याण राज्य प्रगति पक्ष और सर्वोदय कर्नाटक पक्ष के एक-एक सदस्य, दो निर्दलीय, तीन असंबद्ध सदस्य और विधानसभा अध्यक्ष हैं। वर्तमान में दो सीट रिक्त हैं।

भाषा

सिम्मी नरेश

नरेश