उत्तर प्रदेश, झारखंड से पांच मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश, झारखंड से पांच मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार
नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त पांच लोगों गिरफ्तार कर पांच करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन जब्त की है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, अपराध शाखा ने उत्तर प्रदेश और झारखंड निवासी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे 2.26 किलोग्राम हेरोइन के अलावा अन्य मादक पदार्थ बरामद किये।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान मोहम्मद आतिफ, अशरफ, आरिफ अली, रुखसार और मोहम्मद मुख्तार अंसारी के रूप में हुई है।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) अमित गोयल ने कहा, ”हमें सूचना मिली थी कि मादक पदार्थ तस्कर आतिफ छत्ता रेल चौक फ्लाईओवर क्षेत्र के निकट बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ की आपूर्ति के लिए आएगा। हमने जाल बिछाया और फरवरी में आतिफ को एक किलोग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया।”
पुलिस ने कहा कि उसने खुलासा किया कि बरामद हुआ मादक पदार्थ उसे बरेली निवासी अशरफ ने नरेला क्षेत्र की अनाज मंडी में एक किसी को आपूर्ति करने के लिए दिया था।
पुलिस ने दल गठित किये और बरेली में अशरफ के ठिकानों पर छापे मारे। उन्होंने बताया कि पांच फरवरी को उसे एक अस्पताल से गिरफ्तार किया गया और उससे 490 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
उन्होंने बताया कि उसने बरेली निवासी आरिफ और रुखसार के नाम बताये। जांच के दौरान 23 मार्च को आरिफ अली को उसके किराये के मकान से गिरफ्तार किया गया और उसके घर से 403 ग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया।
डीसीपी ने कहा कि रुखसार को 12 अप्रैल को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया और उसके घर से 200 ग्राम हेरोइन समेत मादक पदार्थ तैयार करने वाली सामग्री और अन्य सामान बरामद किया गया। उन्होंने कहा कि बाद में अंसारी को हजारीबाग से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने कहा कि मामले में जांच जारी है और अन्य आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
भाषा
पवनेश
पवनेश

Facebook


