सामूहिक बलात्कार के मामले में बीएसएफ के तीन जवान सहित पांच लोग गिरफ्तार

सामूहिक बलात्कार के मामले में बीएसएफ के तीन जवान सहित पांच लोग गिरफ्तार

सामूहिक बलात्कार के मामले में बीएसएफ के तीन जवान सहित पांच लोग गिरफ्तार
Modified Date: November 29, 2022 / 08:13 pm IST
Published Date: November 19, 2022 7:20 pm IST

जयपुर, 19 नवंबर (भाषा) राजस्थान के गंगानगर जिले में एक महिला के साथ कथित रूप से सामूहिक बलात्कार करने के आरोप में पुलिस ने शनिवार को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के तीन जवानों सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

पीड़िता से मिली तहरीर के आधार पर रायसिंहनगर थाना पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि उसके शुक्रवार की रात पांच लोगों ने सामूहिक बलात्कार किया।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर महिला का मेडिकल परीक्षण करवाया और साक्ष्य जुटाए।

स्थानीय मजिस्ट्रेट के सामने महिला का बयान दर्ज किए जाने के बाद पुलिस ने मामले में पांचों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

गंगानगर के पुलिस अधीक्षक आनंद शर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि आरोपियों में बीएसएफ की स्थानीय बटालियन में तैनात एक हेड कांस्टेबल और दो कांस्टेबल शामिल हैं।

उन्होंने बताया, ‘‘35 वर्षीय महिला सुबह थाने पहुंची और कहा कि उसकी पहचान का एक व्यक्ति घी व अन्य सामान की खरीदी के बहाने एक सुनसान जगह पर ले गया। वहां पहले से बीएसएफ का एक जवान मौजूद था। दोनों ने उसके साथ बलात्कार किया।’’

पीड़िता के अनुसार, दोनों ने बाद में बीएसएफ के दो जवानों सहित और तीन लोगों को बुलाया, जिन्होंने उसके साथ बलात्कार किया।

शर्मा ने कहा कि शुरुआती जांच में मामला सही पाया गया और सभी पांचों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है।

अधिकारी ने बताया कि बीएसएफ कर्मियों की संलिप्तता स्पष्ट होने पर बीएसएफ के अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। उन्होंने कहा, ‘बीएसएफ अधिकारियों ने सहयोग किया और तीनों कर्मियों को उनके परिसर में हिरासत में लिया। हमारी टीम उन्हें थाने ले आई है।’’

भाषा पृथ्वी अर्पणा

अर्पणा


लेखक के बारे में