कोलकाता के बेहला में टीएमसी-भाजपा समर्थकों के बीच झड़प, पांच लोग घायल

कोलकाता के बेहला में टीएमसी-भाजपा समर्थकों के बीच झड़प, पांच लोग घायल

कोलकाता के बेहला में टीएमसी-भाजपा समर्थकों के बीच झड़प, पांच लोग घायल
Modified Date: April 30, 2026 / 07:55 pm IST
Published Date: April 30, 2026 7:55 pm IST

कोलकाता, 30 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के कुछ घंटों बाद बुधवार रात को दक्षिण कोलकाता के बेहला इलाके में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थकों के बीच हुई झड़प में कम से कम पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक यह घटना बेहला पश्चिम के अंतर्गत वार्ड संख्या 129 के रामकृष्णपल्ली में बुधवार रात हुई। चुनाव बाद हुई हिंसा में घायलों में पूर्व पार्षद और तृणमूल कांग्रेस के नेता अंजन दास भी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि इस मामले में बृहस्पतिवार को दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।

टीएमसी के एक स्थानीय नेता ने आरोप लगाया, ‘‘हमारी पार्टी के कुछ कार्यकर्ता एक स्थानीय कार्यालय में बैठे थे, तभी भाजपा समर्थित बदमाशों के एक समूह ने उन पर ईंटों और बांस की लाठियों से हमला कर दिया।’’

उन्होंने दावा किया कि हमले में अंजन दास के सिर में चोट आई, जबकि अन्य लोगों को फ्रैक्चर और कई तरह की चोटें आईं।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घायलों को विद्यासागर स्टेट जनरल अस्पताल ले जाया गया, और उनमें से एक की हालत बिगड़ने पर उसे बाद में एसएसकेएम अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।

बेहला पश्चिम से तृणमूल उम्मीदवार रत्ना चटर्जी ने आरोप लगाया कि हमला बिना किसी उकसावे के किया गया।

चटर्जी ने कहा, ‘‘दिनभर मतदान शांतिपूर्ण रहा और हमारे कार्यकर्ताओं को किसी भी उकसावे पर प्रतिक्रिया नहीं देने को कहा गया था। लेकिन, मतदान खत्म होते ही उन्होंने हमारे लोगों पर ईंट-पत्थरों और डंडों से हमला कर दिया। अंजन दास के साथ जिस तरह मारपीट की गई, वह अस्वीकार्य है।’’

घायल नेता की पत्नी संगीता दास ने दावा किया, “ ईंटों की बारिश हो रही थी। वे लोहे की रॉड और डंडों के साथ आए और बेरहमी से पीटा।”

भाजपा ने इन आरोपों का खंडन करते हुए हिंसा भड़काने का आरोप टीएमसी पर लगाया। भाजपा नेता देबजीत सरकार ने आरोप लगाया कि टीएमसी समर्थकों ने सबसे पहले भाजपा के एक कार्यकर्ता पर हमला किया।

उन्होंने कहा, ‘‘अंजन दास और उसके साथियों ने हमारे कार्यकर्ता, मतदान एजेंट प्रसेनजीत ब्रह्मा पर हमला किया। वे उसके घर तक गए और उस पर हमला किया। स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप करके उसे बचाया।’’

पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।

पुलिस अधिकारी ने कहा, “हमें इस संबंध में शिकायतें मिली हैं। हम सीसीटीवी फुटेज एकत्र कर रहे हैं और दोनों पक्षों के दावों की जांच कर रहे हैं। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

इस घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

भाषा रवि कांत रवि कांत संतोष

संतोष


लेखक के बारे में