शिमला, 15 सितंबर (भाषा) हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक वाहन के गहरी खाई में गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
मृतकों की पहचान खौला गांव के निवासी जोगिंदर सिंह ( वाहन चालक) और नेपाल के निवासियों राजेश, एकेंद्र शाही, लक्ष्मी और दिल बहादुर के रूप में हुई है। घायलों में नेव बहादुर और लक्ष्मी के पति सज्जन शामिल हैं।
प्रारंभिक जांच के दौरान पता चला है कि चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और वाहन गहरी खाई में गिर गया, जिससे तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
लक्ष्मी नामक महिला ने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया।
गंभीर रूप से घायल हुए एक अन्य यात्री दिल बहादुर को इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
अन्य दो घायलों को उपचार के बाद कोटखाई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से छुट्टी दे दी गई।
ठियोग के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) सिद्धार्थ शर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 के तहत लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
इस बीच, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक बयान में दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया और कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ है।
उन्होंने उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
शिक्षा मंत्री और कोटखाई से विधायक रोहित ठाकुर ने दुर्घटना में हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया है।
ठाकुर ने यहां जारी एक बयान में शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप