मप्र के नर्मदापुरम में कार और ट्रक की भिड़ंत में पांच लोगों की मौत, सात अन्य घायल
मप्र के नर्मदापुरम में कार और ट्रक की भिड़ंत में पांच लोगों की मौत, सात अन्य घायल
नर्मदापुरम (मध्यप्रदेश), 27 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले में एक कार और ट्रक की भिड़ंत में पांच लोगों की मौत हो गई और सात अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना रविवार और सोमवार की दरमियानी रात माखननगर थाना क्षेत्र के आंचलखेड़ा के पास उस समय हुई, जब एक आदिवासी परिवार की बारात रात को ग्राम माना सीहोर जिले के बुधनी से गांव महेन्द्रबाड़ी लौट रही थी।
माखननगर थाना प्रभारी अनूप कुमार उइके ने बताया कि बारात की एक कार सोयाबीन से लदे ट्रक से टकरा गई।
उन्होंने बताया कि इस घटना में कार चालक सहित पांच लोगों की मृत्यु हो गई तथा सात बाराती घायल हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान महेन्द्रबाड़ी निवासी साहिल यादव (19), हरि सिंह यादव (57), विनीत यादव (22), शुभम मोरप्पा (18) और संतोष प्रजापति (45) के रूप में हुई है।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उन्होंने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा जाएगा।
भाषा सं ब्रजेन्द्र खारी
खारी

Facebook


