गुरुग्राम के सेक्टर 84 में बास्केटबॉल खंभा गिरने से लड़का घायल
गुरुग्राम के सेक्टर 84 में बास्केटबॉल खंभा गिरने से लड़का घायल
गुरुग्राम, 21 जुलाई (भाषा) गुरुग्राम के सेक्टर-84 स्थित एक आवासीय सोसायटी के बास्केटबॉल मैदान में अभ्यास के दौरान अचानक बास्केटबॉल का खंभा ऊपर गिरने से 12 वर्षीय एक लड़का घायल हो गया। एक निवासी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
निवासी ने बताया कि खंभा गिरने के दौरान दो अन्य खिलाड़ी खुद को उसकी चपेट में आने से बचाने में सफल रहे, लेकिन एक चिकित्सक का बेटा कार्तिक घायल हो गया। वहां मौजूद अन्य खिलाड़ियों और लोगों ने किसी तरह कार्तिक को खंभे के नीचे से निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
निवासी के अनुसार, चिकित्सकों ने बताया है कि कार्तिक की पीठ में गंभीर चोट आई है और उसकी रीढ़ की हड्डी में कई जगह ‘फ्रैक्चर’ हुआ है।
हरियाणा में इस तरह की यह तीसरी घटना है। इससे पहले रोहतक में 750 किलोग्राम वजनी बास्केटबॉल का खंभा गिरने से राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हार्दिक की मौत हो गई थी। वहीं, झज्जर के बहादुरगढ़ में भी इसी तरह की घटना में एक अन्य खिलाड़ी की मौत हो गई थी।
निवासियों के अनुसार, यह हादसा सोमवार शाम करीब 7:15 बजे उस समय हुआ, जब सोसायटी के बच्चे बास्केटबॉल खेल रहे थे। खेल के दौरान अचानक लोहे का एक खंभा भरभराकर कार्तिक पर आ गिरा, जिससे वह लहूलुहान हो गया और वहीं गिर पड़ा।
चीख-पुकार सुनकर सोसायटी के सुरक्षा कर्मी और आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे।
कार्तिक को तत्काल पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका आपातकालीन वार्ड में उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, दुर्घटना में उसकी पीठ में गंभीर चोटें आई हैं और रीढ़ की हड्डी में तीन अलग-अलग स्थानों पर फ्रैक्चर हुआ है। उसकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई गई है।
पीड़ित परिवार और सोसायटी के निवासियों ने स्थानीय पुलिस में शिकायत देकर प्रबंधन और रखरखाव टीम के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने तथा उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के सत्यापन के बाद कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश

Facebook


