कश्मीर में लश्कर के पांच आतंकवादी 10 दिनों के लिए पुलिस हिरासत में भेजे गये
कश्मीर में लश्कर के पांच आतंकवादी 10 दिनों के लिए पुलिस हिरासत में भेजे गये
श्रीनगर, आठ अप्रैल (भाषा) श्रीनगर की एक अदालत ने बुधवार को लश्कर-ए-तैयबा के पांच संदिग्ध आतंकवादियों को 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया जिनमें दो पाकिस्तानी नागरिक तथा तीन उनके स्थानीय मददगार हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इन पांचों को पाकिस्तानी आतंकवादी अब्दुल्ला उर्फ अबू हुरैरा के नेतृत्व में ‘गहराई तक जड़ जमा चुके’ लश्कर के अंतरराज्यीय मॉड्यूल का खुलासा होने के बाद गिरफ्तार किया गया था।
उन्होंने बताया कि अब्दुल्ला 16 साल से फरार था तथा उसने केंद्रशासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के बाहर अपना अड्डा स्थापित कर लिया था।
अधिकारी ने बताया कि अब्दुल्ला, एक अन्य पाकिस्तानी आतंकवादी उस्मान उर्फ खुबैब और श्रीनगर के तीन निवासियों– मोहम्मद नकीब भट, आदिल राशिद भट एवं गुलाम मोहम्मद मीर उर्फ मामा को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था।
उन्होंने बताया कि पांचों को श्रीनगर की एक अदालत में पेश किया गया और अदालत ने उन्हें 10 दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया।
फरीदाबाद के अल फलाह विश्वविद्यालय में केंद्रित एक ‘व्हाइट-कॉलर’ आतंकी गिरोह के खात्मे के छह महीने बाद एक बड़े अभियान में लश्कर-ए-तैयबा के इस नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान 31 मार्च को शुरू हुआ जिसकी पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने निगरानी की और इस दौरान लश्कर-ए-तैयबा के वित्तपोषण और वित्तीय ढांचे का खुलासा हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि इन पांचों आतंकवादियों ने न केवल जम्मू कश्मीर बल्कि अन्य कई राज्यों में भी नेटवर्क बनाने में जाली दस्तावेजों एवं पहचान पत्रों का इस्तेमाल किया।
पिछले कुछ दिनों में, श्रीनगर पुलिस ने अन्य राज्यों के पुलिस बलों और केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और हरियाणा के 19 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया।
इन छापों के परिणामस्वरूप चार एके राइफल, पिस्तौल, हथगोले और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों सहित भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों पाकिस्तानी आतंकवादी ‘ए प्लस’ श्रेणी के आतंकवादी हैं तथा वे करीब 16 साल पहले भारत में घुस आये थे एवं इस दौरान वे कश्मीर घाटी के कई जिलों में सक्रिय रहे।
अधिकारियों के मुताबिक इस बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश 31 मार्च को तब हुआ जब श्रीनगर के तीन संदिग्ध आतंकवादियों में से एक नकीब भट को पांडाच इलाके से पिस्तौल और अन्य आपत्तिजनक सामग्री के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान नकीब ने बताया कि वह लश्कर-ए-तैयबा का सदस्य था तथा उसने हथियार और गोला-बारूद अपने एक साथी आदिल राशिद से प्राप्त किए थे।
भाषा राजकुमार अविनाश
अविनाश

Facebook


