नगालैंड में पांच विधायक विभिन्न विभागों के सलाहकार नियुक्त

नगालैंड में पांच विधायक विभिन्न विभागों के सलाहकार नियुक्त

नगालैंड में पांच विधायक विभिन्न विभागों के सलाहकार नियुक्त
Modified Date: June 1, 2026 / 04:39 pm IST
Published Date: June 1, 2026 4:39 pm IST

कोहिमा, एक जून (भाषा) नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने सोमवार को पांच विधायकों को विभिन्न विभागों का सलाहकार नियुक्त किया। साथ ही एक अन्य विधायक के विभागों में फेरबदल भी किया गया।

कैबिनेट सचिव सेंतियांगर इम्चेन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, विधायकों के ‘‘व्यापक और व्यावहारिक अनुभव’’ का जनता के हित में उपयोग करने के लिए ये नियुक्तियां और विभाग आवंटन तत्काल प्रभाव से किए गए हैं।

नवनियुक्त सलाहकारों में कुझोलुजो नीनू को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पुथाई लोंगोन को कर, पिक्टो शोहे को नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा और आचुम्बेमो किकोन को राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अधिसूचना के अनुसार, न्यूसिएथो न्यूथेन के पास नगालैंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का प्रभार बरकरार है। उन्हें अंतर्देशीय जलमार्ग विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है, जबकि नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग उनसे वापस ले लिया गया है।

विधानसभा के सबसे युवा सदस्य दाओचियर आई. इम्चेन को सूचना एवं जनसंपर्क तथा मृदा एवं जल संरक्षण विभागों का सलाहकार नियुक्त किया गया है।

अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि सलाहकार संबंधित विभागों द्वारा उन्हें भेजे गए मामलों पर अपने विचार और सुझाव देंगे, जिसके बाद संबंधित मंत्री अंतिम निर्णय लेंगे।

यह भी स्पष्ट किया गया कि सलाहकार नगालैंड विधानसभा के सदस्य के रूप में मिलने वाली सुविधाओं से अतिरिक्त किसी भी प्रकार के वेतन, मानदेय या अन्य सुविधाओं के हकदार नहीं होंगे।

इन नयी नियुक्तियों के साथ रियो सरकार में सलाहकारों की कुल संख्या 29 हो गई है।

भाषा खारी अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में