नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को कहा कि कर्नाटक, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, तेलंगाना और राजस्थान में सूखे की स्थिति को लेकर चिंताएं हैं।
चौहान ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘अब तक मिली जानकारी से संकेत मिलता है कि कर्नाटक, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना (जिसमें रायलसीमा और आसपास के क्षेत्र शामिल हैं), राजस्थान के कुछ हिस्सों में चिंता की स्थिति है। राज्यों से विस्तृत रिपोर्ट का अब भी इंतजार है।’’
कर्नाटक ने एक केंद्रीय दल भेजने का अनुरोध किया है जो तीन अक्टूबर को राज्य का दौरा करेगा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने भी केंद्रीय आकलन दल को भेजे जाने का अनुरोध किया है, और वहां एक दल भेजा जाएगा।
कृषि मंत्री ने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से प्रभावित राज्यों का दौरा करेंगे और वहां की सरकारों के साथ लगातार संपर्क में रहेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘तत्काल उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कृषि भूमि खाली नहीं रहे।’’
आगामी रबी फसल सत्र के लिए मंत्री ने कहा कि केंद्र राज्यों को ऐसे बीज और फसल किस्मों की पहचान करने में सहायता करेगा, जिनमें कम पानी की जरूरत होती है, जो कम समय में तैयार हो जाती हैं और स्थानीय मिट्टी एवं मौसम की स्थिति के अनुकूल होती है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सूखे की स्थिति के बावजूद किसानों को खेती का काम जारी रखने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र राज्यों और अन्य संबंधित पक्षों के बीच समन्वय एवं सहयोग सुनिश्चित करेगा। सितंबर अंत में खत्म हुई खरीफ फसलों की बुआई की अवधि में भारत में बारिश में 12 प्रतिशत कमी दर्ज की गई।
भाषा संतोष माधव
माधव