गोवा के समुद्र तटों पर डूबने से पांच पर्यटकों को बचाया गया
गोवा के समुद्र तटों पर डूबने से पांच पर्यटकों को बचाया गया
पणजी, 17 मार्च (भाषा) गोवा के विभिन्न बीचों और दूधसागर झरने पर सप्ताहांत के दौरान पांच लोगों को डूबने से बचाया गया। एक जीवनरक्षक एजेंसी ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी।
एजेंसी ने कहा कि दक्षिण गोवा के एक समुद्र तट पर आवारा कुत्तों के काटने से घायल हुए तीन अन्य लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान की गई।
उत्तर गोवा के अश्वेम बीच पर बेंगलुरु का एक पर्यटक (29) किनारे से करीब 50 मीटर दूर गहरे पानी में बह गया, लेकिन उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया।
दृष्टि मरीन के प्रवक्ता ने बताया कि बागा बीच पर गुजरात का 18 वर्षीय पर्यटक तैरते समय अचानक उठी तेज धारा में फंस गया। हालांकि, उसे भी बचा लिया गया।
इसी के साथ कैंडोलिम बीच पर दो घटनाएं हुयी। बेलगाम का 17 वर्षीय पर्यटक तैरते समय घबराहट के कारण डूबने से बचाया गया जबकि ब्रिटेन की 67 वर्षीय महिला पर्यटक को चक्कर और सांस लेने में तकलीफ होने पर चिकित्सा सहायता प्रदान की गई।
दूधसागर झरने पर पुणे का 36 वर्षीय पर्यटक बिना ‘लाइफ जैकेट’ के पानी में उतर गया था, जिसे बचा लिया गया। वहीं, तीन वर्षीय एक बच्चा चट्टान से फिसलकर पानी में गिर गया और उसे भी सुरक्षित बाहर निकाला गया।
दक्षिण गोवा के बैनोलीम बीच पर अलग-अलग घटनाओं में तीन पर्यटकों को आवारा कुत्तों ने काट लिया। इनमें पुणे का एक व्यक्ति (34) नागपुर का एक पर्यटक (31) और 62 वर्षीय एक विदेशी नागरिक शामिल है।
कैंडोलिम में एक अन्य घटना में दिल्ली की 42 वर्षीय महिला को ‘वाटर स्पोर्ट्स’ क्षेत्र में यात्री नाव के संपर्क में आने से चोट लगी, जिसके बाद उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
एजेंसी प्रवक्ता ने बताया कि दक्षिण गोवा के उतोर्डा बीच पर बचाव दल ने वर्का की एक महिला को उसका खोया हुआ सोने का मंगलसूत्र वापस दिलाने में मदद की।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन

Facebook


