मणिपुर में जवाबदेही तय की जाए और शांति बहाल की जाए: नॉर्थ ईस्ट स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन
मणिपुर में जवाबदेही तय की जाए और शांति बहाल की जाए: नॉर्थ ईस्ट स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन
शिलांग, 27 अप्रैल (भाषा) नॉर्थ ईस्ट स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (एनईएसओ) ने मणिपुर में जारी हिंसा खत्म करने के लिए तत्काल कदम उठाने की सोमवार को मांग की।
एक बयान में सभी पूर्वोत्तर राज्यों के छात्र संगठनों के इस शीर्ष निकाय ने मणिपुर में “बार-बार हिंसा और खून-खराबे” पर गहरी चिंता जताई और कहा कि निर्दोष लोगों की जान जा रही है तथा शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व की भावना कमजोर हो रही है।
एनईएसओ के अध्यक्ष एसबी जिरवा ने कहा, “निहत्थे नागरिकों के खिलाफ इस तरह की बार-बार होने वाली हिंसा एक गंभीर मानवीय चिंता है, जो मानव गरिमा, सुरक्षा और शांति से जीने के मौलिक अधिकार पर चोट करती है।”
संगठन ने कहा कि लगातार अशांति ने परिवारों और समुदायों को “असीमित पीड़ा” दी है, जिससे शोक, भय और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।
जिरवा ने कहा, “लोगों का दर्द पूरे पूर्वोत्तर का सामूहिक दर्द है।”
एनईएसओ ने राज्य और केंद्र दोनों सरकारों पर इस संकट को प्रभावी ढंग से समाप्त करने में विफल रहने का आरोप भी लगाया।
उन्होंने कहा, “शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने में लगातार नाकामी शासन और जिम्मेदारी में घोर अभाव को दर्शाती है।”
संगठन ने हिंसा को और बढ़ने से रोकने और न्याय सुनिश्चित करने के लिए “तत्काल, निष्पक्ष व पारदर्शी हस्तक्षेप” की मांग की।
जिरवा ने कहा, “ऐसे जघन्य कृत्यों के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करके उन्हें जवाबदेह ठहराया जाए और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।”
भाषा जोहेब वैभव
वैभव

Facebook


