शिवसागर (असम), पांच अगस्त (भाषा) केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा ने असम के बाढ़ प्रभावित इलाकों का बुधवार को दौरा किया और कहा कि तबाही का पैमाना इतना व्यापक है कि हालात को सामान्य होने में समय लगेगा।
नड्डा ने असम-नगालैंड सीमा पर स्थित नेपालीखुटी इलाके का मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के साथ दौरा किया। यह इलाका 19 जुलाई को आई बाढ़ की हालिया लहर से सबसे बुरी तरह प्रभावित क्षेत्रों में से एक है।
नड्डा ने प्रभावित परिवारों से बातचीत के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘मैंने बाढ़ प्रभावित नेपालीखुटी इलाके का दौरा किया। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा भी मेरे साथ थे। हमने तबाही का मंजर देखा। नुकसान इतना बड़ा है कि हालात को सामान्य होने में समय लगेगा।’’
उन्होंने प्रभावित लोगों को केंद्र की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाते हुए कहा कि सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से भरोसा दिलाना चाहता हूं कि भारत सरकार की तरफ से कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। चाहे वह आर्थिक मदद हो, पुनर्वास हो, मुआवजा हो या संपत्ति के नुकसान के लिए सहायता, सब कुछ मुहैया कराया जाएगा।’’
नड्डा का यह दौरा ऐसे समय में हुआ है जब पूर्वोत्तर राज्य भीषण बाढ़ की स्थिति से जूझ रहा है। बाढ़ जनित घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 89 हो गई है, जबकि पांच जिलों में 1.22 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं और रात भर हुई बारिश के बाद फिर से बाढ़ आने की आशंका बनी हुई है।
भाषा सुरभि सिम्मी
सिम्मी