जयपुर, पांच अप्रैल (भाषा) राजस्थान के बीकानेर जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास 40 वर्षीय डेनमार्क नागरिक को बिना अनुमति प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि खाजूवाला क्षेत्र की हॉस्पिटल रोड पर संदिग्ध परिस्थितियों में रिने नामक विदेशी नागरिक को देखा गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
सहायक उपनिरीक्षक किशन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों को सूचित किया। संयुक्त पूछताछ में उसके पास से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
प्रारंभिक पूछताछ में रिने ने बताया कि वह सात महीने पहले एक वर्ष के पर्यटक वीजा पर भारत आया था।
बीकानेर के पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया, ‘‘विदेशी नागरिक को विस्तृत पूछताछ के लिए संयुक्त पूछताछ केंद्र (जेआईसी) बीकानेर भेजा गया है। उसके पासपोर्ट विवरण की जांच की जा रही है और संबंधित दूतावास से संपर्क करने के प्रयास किए जा रहे हैं।’’
पुलिस ने कहा कि खाजूवाला एक संवेदनशील सीमा क्षेत्र है जहां विदेशी नागरिकों के लिए पूर्व अनुमति अनिवार्य है।
प्रारंभिक पूछताछ से पता चला है कि वह प्रतिबंधों की जानकारी के अभाव में वहां पहुंचा होगा। हालांकि, सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
भाषा बाकोलिया शफीक
शफीक