कोलकाता, 15 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के पूर्व खाद्य मंत्री रथिन घोष शुक्रवार को कथित नगर निकाय भर्ती घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश हुए। इससे पहले वह पांच बार जारी समन पर उपस्थित नहीं हुए थे।
घोष सुबह करीब 10 बजे सॉल्ट लेक इलाके में सीजीओ कॉम्प्लेक्स में स्थित ईडी कार्यालय पहुंचे और कहा कि उन्हें यह नहीं पता कि उन्हें किस कारण से बुलाया गया है।
कार्यालय में प्रवेश करने से पहले उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे नहीं पता कि मुझे क्यों बुलाया गया है। अंदर जाने के बाद ही पता चलेगा।’’
चुनाव के दौरान केंद्रीय एजेंसी ने उन्हें पांच बार समन भेजा था, लेकिन वह राजनीतिक व्यस्तताओं और चुनाव प्रचार संबंधी कार्यक्रमों का हवाला देते हुए पेश नहीं हुए थे।
ईडी अधिकारियों द्वारा उनसे नगर निकायों में पैसे लेकर भर्ती किए जाने के आरोपों से जुड़ी जांच में पूछताछ किए जाने की संभावना है।
यह घटनाक्रम पूर्व अग्निशमन सेवा मंत्री सुजीत बोस की इसी मामले में गिरफ्तारी के कुछ दिनों बाद सामने आया है। उन्हें लंबी पूछताछ के बाद ईडी ने गिरफ्तार किया था।
बोस को भी छह अप्रैल से लेकर विधानसभा चुनाव अवधि के दौरान कई बार ईडी के समन मिले थे।
उन्होंने चुनाव प्रचार में व्यस्तता का हवाला देते हुए समय मांगने के लिए कलकत्ता उच्च न्यायालय का रुख किया था।
चुनाव के बाद बोस एक मई और 11 मई को ईडी जांचकर्ताओं के सामने पेश हुए थे। 11 मई को ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा