पूर्व चिकित्सा मंत्री का भाजपा सरकार पर आरजीएचएस को कमजोर करने का आरोप
पूर्व चिकित्सा मंत्री का भाजपा सरकार पर आरजीएचएस को कमजोर करने का आरोप
जयपुर, 26 मार्च (भाषा) राजस्थान के पूर्व चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मौजूदा सरकार राजस्थान सरकार स्वास्थ्य सेवा (आरजीएचएस) जैसी महत्वपूर्ण योजना को समाप्त करने पर तुली है।
उन्होंने कहा कि इस योजना को लगातार कमजोर किया जा रहा है।
शर्मा ने यहां कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में मीडिया से कहा,‘‘आरजीएचएस जैसी महत्वपूर्ण योजना को भाजपा सरकार समाप्त करने पर तुली हुई है। निजी अस्पतालों ने सरकार को इस योजना के तहत ईलाज बंद करने की धमकी दी है और दवाओं की आपूर्ति रोकने की बात कह रहे हैं।’’
पूर्व मंत्री ने कहा,‘‘… क्योंकि आरजीएचएस योजना में 2025-26 में सरकार का बजट आवंटन 250 करोड़ रूपये प्रतिमाह है जो वार्षिक 3000 करोड़ है किन्तु जारी बिलों के हिसाब से आवश्यकता 330 करोड़ प्रतिमाह की है। 2025-26 में 960 करोड़ रूपये का कम बजट जारी हुआ ऐसे में यह योजना कैसे चलेगी?’’
उन्होंने कहा कि योजना में पहले भी राशि बकाया है। उन्होंने कहा कि यह भाजपा सरकार पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की सभी योजनाओं को कमजोर कर रही है।
डॉ शर्मा ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के शासन में चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत कर विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं का ढांचा तैयार किया गया था।
उन्होंने कहा,‘‘तब पूरी दुनिया में राजस्थान के स्वास्थ्य मॉडल की तारीफ हुई। दूसरे राज्यों की सरकारों ने इसकी जानकारी लेने के लिए अपने प्रतिनिधि भेजे थे। दुर्भाग्य है कि वर्तमान भाजपा के शासन में राज्य का स्वास्थ्य ढांचा छिन्न-भिन्न हो रहा है।’’
भाषा पृथ्वी राजकुमार
राजकुमार

Facebook


