नयी दिल्ली, 23 फरवरी (भाषा) पूर्व सांसद एवं पद्म भूषण से सम्मानित तरलोचन सिंह ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर मेट्रो स्टेशनों के हालिया नामकरण पर पुनर्विचार करने और उन प्रमुख सिख धर्मस्थलों को इसमें शामिल करने का आग्रह किया है, जिन्हें इस कवायद में छोड़ दिया गया था।
सिंह ने अपने पत्र में कहा कि लंबे समय से चली आ रही मांगों के बावजूद गुरुद्वारा शीश गंज साहिब और गुरुद्वारा बंगला साहिब के पास के मेट्रो स्टेशनों को फिर से नजरअंदाज कर दिया गया जबकि कई अन्य स्टेशनों के नाम बदल दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि दोनों धर्मस्थल पूरे साल बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करते हैं।
सिंह ने इनके ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ये दोनों गुरुद्वारे गुरु हरकिशन साहिब जी और गुरु तेग बहादुर साहिब जी से गहराई से जुड़े हुए हैं।
उन्होंने गुरु तेग बहादुर साहिब के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में लाल किले पर आयोजित भव्य कार्यक्रम का भी हवाला दिया, जिससे जनता के बीच व्यापक सद्भावना पैदा हुई थी।
सिंह ने सुझाव दिया कि चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन का नाम ‘गुरुद्वारा शीश गंज चांदनी चौक’ रखा जाए।
उन्होंने कहा कि इस तरह के कदमों से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
भाषा प्रचेता सुरेश
सुरेश