राजस्थान: पूर्व विधायक ब्रह्मदेव कुमावत का दिल का दौरा पड़ने से निधन

राजस्थान: पूर्व विधायक ब्रह्मदेव कुमावत का दिल का दौरा पड़ने से निधन

राजस्थान: पूर्व विधायक ब्रह्मदेव कुमावत का दिल का दौरा पड़ने से निधन
Modified Date: July 27, 2026 / 10:32 pm IST
Published Date: July 27, 2026 10:32 pm IST

जयपुर, 27 जुलाई (भाषा) मसूदा के पूर्व विधायक ब्रह्मदेव कुमावत का सोमवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनके पारिवार के लोगों ने यह जानकारी दी।

अजमेर जिले के बंदनवारा निवासी कुमावत की सोमवार को घर पर अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए अजमेर ले जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनका निधन हो गया।

कुमावत का अंतिम संस्कार मंगलवार को उनके पैतृक गांव बंदनवारा में किया जाएगा। अंतिम दर्शन के लिए उनका पार्थिव शरीर उनके आवास पर रखा गया है।

कुमावत वर्ष 2008 में मसूदा विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय विधायक निर्वाचित हुए थे। बाद में उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को बिना शर्त समर्थन दिया था। वह संसदीय सचिव भी रहे थे।

राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कुमावत के निधन पर शोक व्यक्त किया।

जूली ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पूर्व विधायक ब्रह्मदेव कुमावत के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।’’

भाषा बाकोलिया आशीष

आशीष


लेखक के बारे में