शबरिमला सोना चोरी से जुड़े धनशोधन मामले में पूर्व टीडीबी सचिव जयश्री ईडी के समक्ष पेश हुईं

Ads

शबरिमला सोना चोरी से जुड़े धनशोधन मामले में पूर्व टीडीबी सचिव जयश्री ईडी के समक्ष पेश हुईं

  •  
  • Publish Date - February 16, 2026 / 01:00 PM IST,
    Updated On - February 16, 2026 / 01:00 PM IST

कोच्चि, 16 फरवरी (भाषा) शबरिमला सोना चोरी से जुड़े धनशोधन मामले की जांच के सिलसिले में टीडीबी की पूर्व सचिव एस जयश्री सोमवार को पूछताछ के लिए ईडी के सामने पेश हुईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

द्वारपालक (संरक्षक देवता) की मूर्ति से कथित तौर पर सोना गायब होने से संबंधित मामले में चौथी आरोपी जयश्री की कथित भूमिका की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा की जा रही है। उन्हें जांच के तहत उच्चतम न्यायालय द्वारा अंतरिम सुरक्षा प्रदान की गई थी।

अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दर्ज किए गए धनशोधन मामले में भी उनका नाम आरोपी के रूप में दर्ज किया गया।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय एजेंसी द्वारा जारी किए गए समन के बाद, जयश्री सुबह करीब 10 बजे यहां ईडी कार्यालय पहुंचीं।

अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले ईडी ने इस मामले के संबंध में एस श्रीकुमार और मुरारी बाबू सहित त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड (टीडीबी) के अन्य अधिकारियों से भी पूछताछ की थी।

जयश्री के खिलाफ आरोप यह है कि जब 2019 में शबरिमला मंदिर की कलाकृतियों को दोबारा परत चढ़ावाने के लिए भेजा गया, तब वह टीडीबी की सचिव के रूप में कार्यरत थीं।

हालांकि, उच्चतम न्यायालय में दायर याचिकाओं में जयश्री ने यह दावा किया कि उन्होंने बोर्ड के निर्देशों पर ही कार्रवाई की थी।

श्रीकोविल (गर्भगृह) के दरवाजों से कथित तौर पर सोना चोरी होने से संबंधित दूसरे मामले में जयश्री को आरोपी नहीं बनाया गया है, जिसकी जांच भी एसआईटी द्वारा की जा रही है।

भाषा

नेत्रपाल मनीषा

मनीषा