नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने उत्तर-पश्चिम दिल्ली के आजादपुर मंडी के पास दिनदहाड़े हुई चार लाख रुपये की लूट के सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने लूटी गई रकम से खरीदी गई एक कार भी बरामद की है।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान रवि शंकर पांडे (27), हर्ष मिश्रा (19), संदीप कुमार शुक्ला (21) और अरमान खान (21) के रूप में हुई है।
अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के गोंडा, बहराइच और बुलंदशहर में चलाए गए तलाश अभियान के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, यह लूटपाट 28 अप्रैल को आजादपुर मंडी के द्वार के पास हुई। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह बैंक में चार लाख रुपये जमा कराने जा रहा था तभी तीन अज्ञात लोगों ने उस पर हमला कर दिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘एक आरोपी ने उसकी गर्दन पकड़कर उसे नीचे झुका दिया, दूसरे ने उसे चाकू से धमकाया जबकि तीसरा साथी मोटरसाइकिल पर आया। उन्होंने नकदी से भरा बैग छीन लिया और मॉडल टाउन की ओर भाग गए।’
उन्होंने बताया कि मामले को सुलझाने के लिए एक टीम गठित की गई जिसने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और पाया कि आरोपियों ने लूट को अंजाम देने से पहले इलाके की टोह ली थी।
अधिकारी ने बताया,’जांचकर्ताओं को तब सफलता मिली जब उन्होंने अपराध में शामिल बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिए उपयोग किए गए यूपीआई भुगतान का पता लगाया गया। तकनीकी निगरानी और स्थानीय जानकारी का उपयोग करते हुए, पुलिस ने सबसे पहले गोंडा से रवि शंकर पांडे को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान, पुलिस को पता चला कि उसने लूटे गए पैसों में से लगभग 1.48 लाख रुपये में कार खरीदी है, जिसे बाद में जब्त कर लिया गया।’
पुलिस ने बताया कि उसके खुलासे के आधार पर हर्ष मिश्रा और संदीप कुमार शुक्ला को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया, जबकि अरमान खान को भी बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने 88,000 रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, एक चाकू और अपराध में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने बताया कि एक बैंक खाते में मिले 25,000 रुपये भी ‘फ्रीज’ कर दिए गए हैं।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव